बृहस्पतिवार को बोल्डर गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त होने से नाराज लोगों ने बिरगुल के पास धूनाघाट-रीठासाहिब सड़क पर चार घंटे तक जाम लगा दिया। एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद लोग माने और जाम खोला। इस दौरान गुरुद्वारा श्रीरीठासाहिब आने-जाने वाले तीर्थयात्री जाम में फंसे रहे।
बृहस्पतिवार को बिरगुल के पास धूनाघाट-रीठासाहिब सड़क पर बोल्डर गिरने से उमेश जोशी का बोलेरो (यूए 03/2677) क्षतिग्रस्त हो गई थी। उमेश जोशी ने कहा कि लोनिवि की लापरवाही के कारण उनके वाहन को क्षति पहुंचने के साथ ही लोग चोटिल हुए है। कहा कि ठेकेदार ने स्क्रबर बनाने के लिए के मनमाने तरीके से पत्थरों का खुदान किए जाने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है।
एसडीएम निर्मला बिष्ट की ओर से ठेकेदार से वाहन को हुई क्षति का मुआवजा दिलाने का आश्वासन के बाद जाम खोला। जाम लगाने वालों में हरीश भट्ट, मनोज भट्ट, प्रदीप सिंह, गिरीश सिंह, शेखर भट्ट आदि मौजूद थे।