टनकपुर (चंपावत)। वन विभाग से पोल लगाने की अनुमति के पेंच में दूरस्थ चूका क्षेत्र में एक वर्ष से ऊर्जा निगम की 22 किमी लंबी लाइन बनाने का कार्य फंसा हुआ है। इससे ग्रामीणों को सौर ऊर्जा पर निर्भर रहना पड़ रहा है। निगम की ओर से लाइन के लिए पोल जगह-जगह डंप किए हैं। ग्रामीणों ने जल्द ठूलीगाड़ से लाइन बिछाकर बिजली आपूर्ति की मांग उठाई है।
बता दें कि नेपाल सीमा से सटे दूरस्थ चूका सीम क्षेत्र के समाजसेवी माखन सिंह ने बताया कि चूका में 40 परिवार, सीम और खेत में 12-12 परिवार सौर ऊर्जा पर निर्भर हैं। बिना बिजली के उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। कई वर्षों से ठूलीगाड़ से लाइन बिछाकर बिजली आपूर्ति की मांग उठाई जा रही है।
वन पंचायत सरपंच दशरथ सिंह ने बताया कि एक वर्ष से अधिक समय से ऊर्जा निगम की ओर से पोल जगह-जगह गिराए गए हैं। विभाग की ओर से वन विभाग की अनुमति न मिलने की बात कही जा रही है।
इधर, बूम रेंज के रेंजर गुलजार हुसैन ने बताया कि उत्तराखंड वन विभाग के नोडल अधिकारी के अनुमति के बाद ही आगे की कार्यवाही होगी।
ऊर्जा निगम ने सभी कार्यवाही पूरी कर दी है, वन विभाग में लंबित
टनकपुर (चंपावत)। ऊर्जा निगम के एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि ठूलीगाड़ से करीब 22 किमी लंबी बिजली लाइन के लिए धन स्वीकृति के बाद पोल भी आ गए हैं, लेकिन करीब एक वर्ष से वन विभाग से लाइन बिछाने के लिए अनुमति नहीं मिल पा रही है। इसके लिए ऑनलाइन सभी विभागीय प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। अब वन विभाग की ओर से ही लंबित है, जैसे ही अनुमति मिलेगी कार्य शुरू करा दिया जाएगा।