चंपावत सीईओ कार्यालय में प्रदर्शन करते कामाज्यूला के छात्र छात्राएं और ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
अनदेखी से आहत कामाज्यूला प्राथमिक स्कूल के छात्र छात्राओं ने खुद मोर्चो खोल दिया है। छोटे छोटे बच्चों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) कार्यालय में प्रदर्शन कर शिक्षकों की तैनाती मांग की। शीघ्र मांगे नहीं माने जाने पर बेमियादी आंदोलन करने की धमकी दी है।
सोमवार को कामाज्यूला से 45 किमी दूर जिला मुख्यालय पहुंचे छात्र छात्राओं ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोहित पाठक के नेतृत्व में प्रदर्शन करने वाले इन छात्र छात्राओं का कहना था कि साल 2016 में कामाज्यूला प्राथमिक विद्यालय को आदर्श स्कूल का दर्जा दिया गया। लेकिन विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई है। जिस वजह से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
बीडीसी सदस्य कुंडल अधिकारी का कहना है कि 74 छात्र संख्या वाले मॉडल स्कूल में छह शिक्षकों के पद स्वीकृत है, जिसके सापेक्ष एक प्रधानाध्यापक और एक शिक्षा मित्र की ही तैनाती की गई है। जिससे बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। प्रदर्शन करने वालों में नितिन, अंशुमन, प्रियांशु, हिना, चांदनी, खुशी, अंजलि, बलदेव कुमार और राजेंद्र प्रसाद शामिल थे। उधर जिला शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण का कहना है कि विभाग ने शिक्षकों की तैनाती के लिए विज्ञप्ति जारी की है। 20 सितंबर तक शिक्षकों की तैनाती कर दी जाएगी।