पुलिस अधीक्षक ददन पाल के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की ओर से जिला मुख्यालय में बृहस्पतिवार को स्कूली बसों का चेेेेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों के जीवन से खिलवाड़ कर नियम विरुद्ध चल रहीं 10 स्कूल बसों का चालान कर पांच हजार रुपये का समायोजन शुल्क वसूला गया।
प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि स्कूल बसों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरा नहीं होने, बच्चों की सुरक्षा के लिए जाली आदि न लगे होने, बस में सहायक परिचालक नहीं होने और फिटनेस आदि को लेकर 10 स्कूल बसों का चालान किया गया। इस दौरान सभी बसों के चालकों व स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए गए। साथ ही बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने एवं बसों में क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर उप निरीक्षक सोनू सिंह बोहरा, महंगा सिंह, देशराज सिंह आदि मौजूद रहे।
स्कूली बच्चों को ढोते निजी वाहन और बगैर परमिट बस को किया सीज
टनकपुर (चंपावत)। टिहरी में स्कूल वाहन हादसे के बाद सक्रिय हुए परिवहन विभाग ने स्कूल वाहनों की सघन चेकिंग कर एक स्कूल बस और स्कूली बच्चों को ले जा रहे एक निजी वाहन को सीज किया है। इसके अलावा बीस स्कूल वाहनों के चालान काटे गए हैं। परिवहन विभाग की चेकिंग से यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहन दौड़ा रहे वाहन मालिकों और चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
बीते दिनों टिहरी में हुए स्कूल वाहन हादसे में नौ बच्चों की मौत के बाद परिवहन विभाग ने प्रदेश में मानक के विपरीत दौड़ रहे स्कूल वाहनों की विशेष चेकिंग के आदेश जारी किए हैं। इसके बाद एआरटीओ वीके सिंह के नेेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम तीन दिन से स्कूल वाहनों की चेकिंग में जुटी है। एआरटीओ सिंह ने बताया कि अब तक तीन स्कूल वाहनों को सीज कर करीब 28 स्कूल वाहनों के चालान कर मानक के अनुरूप वाहन चलाने की हिदायत दी गई है।
उन्होंने बताया कि बनबसा में स्कूली बच्चों को ढोते मिले एक निजी वाहन (यूके 0/2383) को सीज किया गया है। हेल्प लाइन खटीमा की एक बस को बगैर परमिट और फिटनेस के चलने पर सीज किया गया है। एआरटीओ सिंह ने कहा है कि टनकपुर, बनबसा के अलावा जल्द ही चंपावत और लोहाघाट के स्कूल वाहनों की चेकिंग शुरू की जाएगी।
26 दोपहिया वाहनों के चालान काटे
चंपावत। यातायात पुलिस ने जिला मुख्यालय के मोटर स्टेशन में आड़े-तिरछे खड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए नो पार्किंग में खड़े 15 वाहनों को क्रेन से खींचकर कोतवाली पहुंचाया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट व यातायात वाहनों के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाले 26 वाहनों का चालान कर समायोजन शुल्क वसूला गया। इस मौके पर यातायात प्रभारी निरीक्षक ज्योति प्रकाश, मनोज पंत, पंकज भंडारी, कृष्णा सिंह आदि मौजूद रहे।
चंपावत में स्कूल बसों का निरीक्षण करती पुलिस टीम।- फोटो : CHAMPAWAT