चंपावत। रीठा साहिब के एक कपड़ा व्यापारी को साइबर ठगों ने निशाना बनाया। इस ठग ने क्यूआर कोड के जरिये एक लाख रुपये बैंक खाते से उड़ा लिए। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर रीठा साहिब थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
व्यापारी कैलाश टिटगई ने बताया कि वह हल्द्वानी यात्रा पर थे। इस बीच उनके एक नजदीकी रिश्तेदार जैसी आवाज में अनजान नंबर से एक व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले ने कहा कि बैंक बंद होने से वह बैंक में रकम जमा नहीं कर पा रहा है। इसलिए गूगल पे के जरिये वह 25 हजार रुपये आपके (कैलाश के) खाते में डाल देंगे। इस राशि को संबंधित व्यक्ति तक भेज देना। इसके लिए साइबर ठग ने उनके मोबाइल नंबर पर क्यूआर कोड भेजा। इस कोड को स्कैन करने पर पांच मिनट के भीतर चार बार में एक लाख रुपये (25 हजार-25 हजार रुपये) बैंक खाते से निकल गए। रुपये निकलने का संदेश आते ही व्यापारी टिटगई के होश फाख्ता हो गए। उन्होंने फौरन रिश्तेदार के मोबाइल नंबर पर फोन किया, तो पता चला कि रिश्तेदार ने फोन ही नहीं किया था। व्यापारी ने मामले की जानकारी पुलिस थाने में दी। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ अशोक कुमार सिंह का कहना है कि फोन नंबर को सर्विलांस रख ठग तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।