आदर्श राशनिंग वेलफेयर सोसायटी निर्धारित कोटे के अनुरूप शत-प्रतिशत राशन नहीं मिलने पर गोदाम से खाद्यान्न नहीं उठाएगी। मंगलवार को सोसायटी के जिलाध्यक्ष हीराबल्लभ जोशी की अध्यक्षता और सलीम जावेद के संचालन में हुई बैठक में पूर्ति विभाग द्वारा सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं को दो माह का पूरा राशन उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी जताई गई।
वक्ताओं ने कहा कि पूर्ति विभाग द्वारा आधार कार्ड लिंक नहीं होने का बहाना बनाकर मात्र 50 फीसदी खाद्यान्न आवंटित किया जा रहा है। जनवरी और फरवरी का खाद्यान्न नहीं मिलने से सस्ता गल्ला विक्रेताओं को उपभोक्ताओं की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। समिति ने कहा कि प्रदेश में सभी स्थानों में शत-प्रतिशत खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन जिले में अधिकारियों की मनमानी के चलते राशन नहीं मिल पा रहा है।
बैठक में तय किया गया कि जब तक पूर्ति विभाग द्वारा शत-प्रतिशत खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, तब तक जिले का कोई भी सस्ता गल्ला विक्रेता खाद्यान्न का उठान नहीं करेगा। वक्ताओं का कहना था कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में उनके हितों के लिए ठोस पहल नहीं की गई है।
सोसायटी ने कहा कि मानदेय, लाभांश व भाड़ा बढ़ाने, घटतौली की समस्या को देखते हुए खाद्यान्न गोदामों में धर्मकांटा लगाने की लंबे समय से मांग करता रहा है, लेकिन उनकी मांगों को लगातार अनसुना किया जा रहा है।
सुरेश जोशी, बसंत विश्वकर्मा, चंद्रमोहन जोशी, मदन सिंह बोहरा, राजेंद्र सिंह, शिवराज सिंह, दिगराज सिंह, सुमन माहरा, सरिता, बंशीधर, लाल सिंह, हयात सिंह अधिकारी, खुशाल सिंह, भीम सिंह, पूरन शर्मा, भूप सिंह बोहरा आदि कोटेदारों ने इन तमाम मसलों का जल्द से जल्द निराकरण करने की आवाज उठाई। उधर डीएसओ श्याम लाल ने कहा कि शासन के निर्देश के अनुरूप राशनकार्डों में दर्ज यूनिट के हिसाब से आधार लिंक होने वाला राशन वितरित किया जा रहा है।