खेतीखान के दीप महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। महोत्सव की चौथी शाम संस्कार सांस्कृतिक समिति अल्मोड़ा के कलाकारों और लोहाघाट की प्रियंका राजन के नाम रही।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ एसबीआई पाटी के शाखा प्रबंधक जनार्दन चिल्कोटी और राजकीय शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष पान सिंह मेहता ने दीप जलाकर किया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष पुष्कर पुजारी की अध्यक्षता और रघुराज देउपा, नीरज बोहरा के संचालन में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में संस्कार सांस्कृतिक समिति अल्मोड़ा के कलाकारों ने मां नंदा-सुनंदा की वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की।
दलनायक प्रकाश बिष्ट के नेतृत्व में कलाकारों ने मयूर नृत्य, छपेली की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। कलाकारों की प्रस्तुति गांगुली लस्का कमर झटका को दर्शकों ने खूब सराहा। लोहाघाट की प्रियंका राजन ने चंदना म्यारा पहाड़ आये गीत ने दर्शकों को झूमने को मजबूर कर दिया। जीजीआईसी की अंजलि के नेतृत्व में देश रंगीला गीत पर प्रस्तुति दी और रेशमा देउपा ने ओ लाली हो गीत की प्रस्तुति दी। इस मौके पर नवीन बोहरा, सुशीला बोहरा, अमृतराज देउपा, नवीन कलखुड़िया आदि लोग मौजूद थे।