रिटायर्ड एडमिरल डीके जोशी ने पकड़ी सर्वाधिक मछलियां
- फोटो : अमर उजाला
पंचेश्वर में सरयू और महाकाली नदी के संगम पर पर्यटन विभाग और कुमाऊं मंडल विकास निगम के सहयोग से आयोजित तीन दिनी अंतरराष्ट्रीय एंगलिंग उत्सव का पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गई। इस दौरान मोहन रॉयल ने सबसे ज्यादा वजन की गोल्डन महाशीर मछली को पकड़ा।
एंगलिंग के दौरान एंगलरों ने मछलियों को पकड़कर उनका वजन, लंबाई आदि की जानकारी एकत्र कर उन्हें नदी में छोड़ दिया। बुधवार को आयोजित समापन समारोह में कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने कहा कि आने वाले समय में विश्व के मानचित्र में एंगलिंग के लिए प्रसिद्ध पंचेश्वर को और भी लोकप्रियता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान एंगलिंग मीट में सभी एंगलरों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इससे पूर्व एंगुलर मोहन रायल ने सबसे वजनी वाली 43 पौंड की गोल्डन महाशीर को पकड़ा, जबकि सबसे ज्यादा मछलियां पकडने वाले पूर्व सेना एडमिरल डीके जोशी रहे। उत्सव में देश-विदेश के 15 से ज्यादा एंगलरों ने प्रतिभाग किया।
पंचेश्वर फिसिंग रिट्रीट के अध्यक्ष राज गड़कोटी ने बताया कि एंगलरों को पंचेश्वर की महाकाली नदी खूब भाई। उन्होंने इसे एंग्लिंग के लिए एक बेहतर स्थान बताया। इस मौके पर गाइड गणेश सिंह, संजय सिंह, होशियार सिंह मौजूद रहे।