चंपावत एनआईसी में स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी के साथ वीडियो कांफ्रेसिंग करते डीएम और अन्य अधिकारी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। कोविड टीकाकरण में चंपावत ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उत्तराखंड में चंपावत सबसे आगे हैं। 78.56 प्रतिशत टीकाकरण के साथ प्रदेश में पहला स्थान बनाया है। टीकाकरण में सबसे आखिर स्थान देहरादून (55.43 प्रतिशत) का रहा। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि 16 जनवरी से शुरू पहले चरण के टीकाकरण में चंपावत जिले में 791 में से 619 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगे हैं। प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग में डीएम और सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी की सराहना की।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये स्वास्थ्य सचिव नेगी ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों के बाद 16 फरवरी से दूसरे चरण में पहली पंक्ति के योद्धाओं का टीकाकरण किया जाएगा। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि जिले में 173 फ्रंटलाइन योद्धाओं का डाटा अपलोड कर दिया गया है। आपदा नियंत्रण कक्ष नियमित रूप से निगरानी कर रहा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग में एडीएम टीएस मर्तोलिया, सीडीओ आरएस रावत, सीईओ आरसी पुरोहित, डीडीएमओ मनोज पांडेय आदि थे।