जिला मुख्यालय में बीते चार दिनों से लगातार ठंड में इजाफा हो रहा है। ठिठुराती ठंड के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में बुधवार का न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
पाले के कारण जहां हरी सब्जियां पूरी तरह से बरबाद हो गई, वहीं घरों में बर्तनों में रखे पानी के अलावा नल भी जम गए हैं। कई स्थानों में पाले के कारण पेयजल लाइनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। पाइप तक फट रहे हैं।
बुधवार को दोपहर तक मौसम सामान्य रहा। दिन में अधिकतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने और शीत लहर चलने के साथ ठंड में इजाफा हो गया। भारी मात्रा में गिर रहे पाले के कारण नेशनल हाइवे सहित कई आंतरिक सड़कों पर वाहनों का संचालन जोखिम भरा हो गया है, जबकि पैदल मार्गों पर फिसलन के कारण भी कई राहगीर चोटिल हो रहे हैं।