चंपावत। रानीखेत में फौज की भर्ती में शुक्रवार से चंपावत जिले के अभ्यर्थियों का नंबर है। सेना की भर्ती के लिए जिले से कुल 3356 युवा हिस्सा ले रहे हैं। सबसे ज्यादा 871 युवा चंपावत तहसील के हैं। कोरोना की बाधा के बावजूद नौकरी की उम्मीद से न तो अभ्यर्थियों की संख्या कम हुई है और न ही उनका हौसला कम हुआ है।
कठिन अभ्यास करने के बाद जिले के ये अभ्यर्थी बुधवार से रानीखेत को रवाना हो शुरू हो गए। इन अभ्यर्थियों का कहना है कि नौकरी उनकी जरूरत है, लेकिन इस सेवा के साथ देश सेवा जुड़ने से उनका जोश दोगुना हो रहा है। इसलिए वे पूरे जज्बे के साथ कामयाबी का प्रयास करेंगे। बता दें कि पिछली बार कोरोना से पूर्व हुई सेना की भर्ती में भी चंपावत जिले में करीब 3100 युवाओं ने हिस्सा लिया था।
भर्ती तिथि तहसील अभ्यर्थी
19 फरवरी लोहाघाट 712
20 फरवरी चंपावत-बाराकोट 1360
21 फरवरी टनकपुर-पाटी 1284
चंपावत जिले में 1304 अभ्यर्थियों की कोरोना जांच हुई
पाटी /टनकपुर(चंपावत)। रानीखेत में होने वाली सेना की भर्ती रैली के लिए बृहस्पतिवार को 1284 नौजवानों का कोविड परीक्षण हुआ। पाटी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आभाष सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 609 अभ्यर्थियों की कोरोना जांच की। सभी अभ्यर्थियों की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव रही। पाटी में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी ने अभ्यर्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई। वहीं टनकपुर में भी 675 अभ्यर्थियों का कोरोना परीक्षण हुआ। इसके अलावा बुधवार को जांच कराने से रह गए 20 अभ्यर्थियों ने चंपावत में बृहस्पतिवार को कोरोना परीक्षण कराया। सभी जगह भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस का तगड़ा इंतजाम था। टनकपुर में संयुक्त चिकित्सालय में प्रभारी सीएमएस डॉ. वीके जोशी की निगरानी में टीम ने सेना भर्ती में जा रहे 675 युवाओं का एंटिजन टेस्ट से कोरोना जांच की। सीएमएस ने बताया कि जांच में कोई भी युवक कोरोना से संक्रमित नहीं मिला। (संवाद)
नौकरी से पहले बस में एक अदद सीट की हसरत...
चंपावत। चंपावत के रोडवेज बस स्टेशन में पहली बार लोगों का सैलाब रहा। बड़ी संख्या में नौजवान रानीखेत में 19 फरवरी से होने वाली भर्ती के लिए यहां से रवाना हुए। इसके लिए चंपावत जिले के पहाड़ी हिस्सों से रोडवेज ने कुल 13 बसें लगाई। फिर भी युवाओं को बस में एक अदद सीट पाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।
चंपावत जिले के युवाओं की रानीखेत में फौज की भर्ती 19 फरवरी से शुरू हो रही है। इसके लिए राजेश जोशी, नवल बिष्ट, कमल किशोर, उमेश सिंह, महेंद्र सिंह, अशोक तिवारी समेत दर्जनों युवाओं का सुबह से ही स्टेशन पहुंचना शुरू हो गया था। पहली बस सुबह 8.30 बजे रवाना हुई। इसके बाद नियमित अंतराल में बसें रवाना होती रही। चंपावत स्टेशन से आठ बसें लगाई गई थीं। अलबत्ता बस आने में देरी से युवाओं में कई बार नाराजगी भी नजर आई। इसके अलावा लोहाघाट से चार और बाराकोट से एक रोडवेज बस अभ्यर्थियों के लिए चलाई गई। वहीं सहायक मंडलीय प्रबंधक नरेंद्र गौतम ने बताया कि लोहाघाट डिपो की कुल 13 बसें फौज के अभ्यर्थियों के लिए चलाई गई थीं।
भर्ती रैली के अभ्यर्थियों का पाटी में परीक्षण करते डॉ. आभाष सिंह और अन्य स्वास्थ्य कर्मी।- फोटो : CHAMPAWAT
पाटी में कोरोना जांच के लिए उमड़े फौज की भर्ती के अभ्यर्थी।- फोटो : CHAMPAWAT