पटवारी भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा संपन्न हो गई। अंतिम दिन 180 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल हुए। जिसमें से 97 पुरुष और 44 महिला अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में सफल रहे। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने बताया आठ दिनी शारीरिक दक्षता परीक्षा में पंजीकृत 1649 अभ्यर्थियों में से 1052 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए।
जिनमें 277 महिलाएं और 775 पुरूष अभ्यर्थी शामिल हैं। एडीएम जेएस राठौर ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने से वंचित रहे और पर्वतीय मूल प्रमाण पत्र पेश न करने वाले अभ्यर्थियों को 24 फरवरी को अंतिम मौका दिया जाएगा।
31 पदों के लिए होने वाली शारीरिक परीक्षा के अंतिम दिन अभ्यर्थियों की सीने की नाप, लंबाई और दौड़ की प्रक्रिया संपन्न की गई। परीक्षा संचालन में एसडीएम भगत सिंह फोनिया, निर्मला बिष्ट, नरेश दुर्गापाल, प्रभारी अधिकारी सीमा विश्वकर्मा, डीएसओ आरएस धामी, डीओ हरीश जोशी ने सहयोग दिया।