पाटी अस्पताल में फार्मेसिस्ट न होने से यहां के डॉक्टरों को रोगियों को परामर्श समेत दवा भी बांटनी पड़ रही है। ब्लॉक मुख्यालय के इस अस्पताल में विभिन्न गांवों से रोगी उपचार के लिए आते हैं, सीएमओ कार्यालय से हालांकि एक एक सप्ताह के लिए यहां फार्मेसिस्टों की नियुक्ति के आदेश दिए हैं, लेकिन कोई भी फार्मेसिस्ट यहां अपनी सेवाएं नहीं दे रहा है।
जिसका दंश यहां के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को हुई बैठक में शोबन सिंह मौनी, कविराज मौनी, दीपक जोशी, आईडी जोशी, सुरेंद्र राज, भगीरथ सोराड़ी, गोविंद पचौली आदि का कहना था कि 28 जनवरी को यहां के फार्मेसिस्ट की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। तब से फार्मेसिस्ट का पद खाली है।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल में जाकर देखा कि फार्मेसिस्ट न होने से कार्य संचालन में काफी दिक्कतें हो रही हैं। ज्येष्ठ उपप्रमुख चतुर सिंह मेहता की अध्यक्षता में सामाजिक कार्यकर्ता तेज सिंह बिष्ट ने बैठक का संचालन किया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आभाष सिंह का कहना था कि अस्पताल में रोगियों को आपात सेवाएं भी दी जा रही हैं। जिससे यहां स्थायी फार्मेसिस्ट की जरूरत है। उधर सीएमओ डॉ. विनोद टोलिया का कहना है कि यह बात उनके संज्ञान में है। तीन दिन में यहां स्थायी फार्मेसिस्ट की तैनाती कर दी जाएगी।