चंपावत। जिला अस्पताल में अब मरीजों को बेहतर इलाज मिलने की राह आसान हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला अस्पताल में तीन नए बॉन्डधारी चिकित्सकों की नियुक्ति हो गई है। इससे खासतौर पर इमरजेंसी और महिला रोग विभाग में सेवाएं मजबूत होंगी। जिला अस्पताल में रोजाना 400 से अधिक ओपीडी के माध्यम से मरीजों की जांच और उपचार होता है।
नवनियुक्त तीन बॉन्डधारी चिकित्सकों में से दो डॉक्टरों को इमरजेंसी विभाग में तैनात किया गया है। वहीं एक चिकित्सक को गायनी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे प्रसव और महिला स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं में सुधार आएगा।
जिला अस्पताल में लंबे समय से चिकित्सकों की कमी बनी हुई थी इसका सीधा असर मरीजों की देखभाल पर पड़ रहा था। कई बार इमरजेंसी में समय पर डॉक्टर न मिलने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती थी। ऐसे में इन तीन नई नियुक्तियों से स्थानीय स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
नए डॉक्टरों की तैनाती की से जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों में राहत है। तीमारदारों ने बताया कि पहले डॉक्टर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था लेकिन अब उम्मीद है कि समय पर उचित इलाज मिल सकेगा।
जिला अस्पताल में तीन नए बॉन्डधारी डॉक्टर मिलने से मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा मिलेगी। सभी चिकित्सकों के साथ तीन से पांच साल तक का अनुबंध तय है। बांडधारी डॉक्टर मेडिकल काॅलेज श्रीनगर से पासआउट हैं जिन्होंने एमबीबीएस में प्रवेश के समय कॉलेजों के साथ तीन से पांच साल तक सेवाएं देने का अनुबंध किया था। - डॉ. देवेश चौहान, सीएओ चंपावत