लोहाघाट (चंपावत)। करोड़ों रुपये की कर चोरी के मामले में गैस एजेंसी लोहाघाट के चौकीदार के घर सेल टैक्स की टीम के पहुंची। टीम ने जब चौकीदार को करोड़ों रुपये टैक्स भरने की बात कही तो वह परेशान हो गया। मामले की जानकारी होने के बाद चौकीदार ने उनके नाम से फर्जी बैंक खाता खोलने की बात कही। सेल टैक्स की टीम के जाने के बाद चौकीदार को राहत मिली।
मूल रूप से मुरादाबाद जिला निवासी वर्तमान में गैस एजेंसी लोहाघाट में रात्रि चौकीदार के पद पर 18 सालों से तैनात टीकम सिंह के घर कर चोरी के मामले में टनकपुर सेल टैक्स की टीम पहुंच गई और उससे करोड़ों रुपये के हुए लेन देन के बारे में पूछताछ करने लगी। टीकम ने बताया कि सेल टैक्स टीम ने जानकारी दी कि केरला में 20 करोड़ रुपये के कपड़ों की खरीददारी हुई थी, इसका भुगतान दिल्ली में उनके नाम से खुले बैंक खाते से हुआ था लेकिन उसका टैक्स नहीं भरा गया था। सेल टैक्स टीम ने जब टैक्स के रूप में तीन करोड़ 72 लाख रुपये जमा करने की बात कही तो वह परेशान हो गए।
टीकम ने बताया कि उनके खाते से इतनी बड़ी धनराशि का कोई लेन देन नहीं हुआ है। उसके पास तो रहने के लिए अपना घर तक नहीं है। टीकम ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम ने उनके नैनीताल स्थित हैड ऑफिस और लोहाघाट कार्यालय में भी फोन कर जानकारी जुटाई। उन्होंने अपने बैंक खाते की सारी जानकारी सेल टैक्स टीम को दे दी है, इसके बाद टीम चली गई। इधर एसएसआई चेतन रावत ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया था, लेकिन इस संबंध में अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।