गणाई गंगोली (पिथौरागढ़)। क्षेत्र के पर्यटक स्थल और सीमालेटी गांव को बासुकीनाग पेयजल योजना से पानी मुहैया कराने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। मंदिर कमेटी के बैनर तले इस संबंध में रणनीति बनाई जा रही है। मंदिर समूह व्हाट्सएप ग्रुप के 1008 सदस्य सरकार को जगाने के सीएम हेल्पलाइन 1905 पर 1008 शिकायत दर्ज कराएंगे।
बासुकीनाग के नाम से बनी पेयजल योजना का लाभ मंदिर और नजदीकी गांवों को नहीं मिलने से लोगों में रोष है। दो दिन में सीएम हेल्पलाइन में 66 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। इस मुहिम को सफल बनाने में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर सहित उत्तराखंड में फैले भक्तजन जुड़ गए हैं। लोगों की ओर से पर्यटक स्थल के जीर्णोद्धार के लिए सहयोग राशि एकत्रित की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है पूर्व पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने बासुकीनाग लिफ्ट पेयजल योजना स्वीकृत की थी। उनका कहना है कि यदि पंत आज जीवित होते तो बगैर आंदोलन किए ही पर्यटक स्थल और सीमा लेटी गांव को पानी मिल गया होता।
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
गणाई गंगोली। उत्तराखंड सदन दिल्ली में सोशल मीडिया प्रभारी देवेंद्र बनकोटी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर बासुकीनाग लिफ्ट पेयजल योजना से बासुकीनाग पर्यटक स्थल और सीमा, कलेटी, काकड़ पानी को जोड़ने के लिए क्षेत्रवासियों की ओर से ज्ञापन दिया। संवाद