पकड़ी गइ अवैध शराब के साथ आबकारी निरीक्षक
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय में महिलाओं के आंदोलन के बाद शराब की दुकानें तो बंद हो गई पर होटल और ढाबों में अवैध रूप से महंगे दामों में शराब बेचे जाने का सिलसिला जारी है। आबकारी विभाग ने सोमवार को कई होटलों और दुकानों में छापे मारे। इस दौरान अवैध रूप से शराब बेचने वाले दो होटल स्वामी रंगे हाथों पकड़े गए। छापामारी की खबर मिलते ही कुछ दुकानदार अपनी दुकानों में ताला लगाकर भाग गए। विभाग को नैनीताल बैंक के समीप एक होटल से 230 पव्वे पकड़ने में कामयाबी मिली।
जिला मुख्यालय में लंबे समय अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें की आ रही थी। इसको देखते हुए आबकारी विभाग ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद की अगुवाई में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान विभाग ने 230 पव्वे शराब के जब्त किए गए। आबकारी निरीक्षक ने बताया की मुखबिर की सूचना पर विभाग ने मोटर स्टेशन की 12 दुकानों और होटलों में छापा मारा। इसमें उन्हें ललित रेस्टोरेंट से शराब के 230 पव्वे बरामद किए। आरोपी का आबकारी एक्ट के तहत चालान किया गया है।
चंपावत जिले में महिलाओं के आंदोलन के कारण देशी विदेशी शराब की 16 दुकानों में से अब तक केवल 10 दुकानें ही खुल पाई हैं। लोहाघाट और चंपावत नगर की दोनों दुकानों के संचालित न हो पाने से कुछ शराब माफिया टनकपुर और बाराकोट से अवैध रूप से शराब लाकर बेच रहे हैं। आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद ने बताया कि जिले में अवैध रूप से शराब बेचने नहीं दी जाएगी। लोगों से तालमेल बिठा कर सरकारी दुकानें खोलने का प्रयास किया जाएगा जिससे अवैध शराब पर नकेल कसेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यालय के सभी होटल चालकों को अवैध शराब नहीं बेचने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। औचक निरीक्षण में उपनिरीक्षक महेश सिंह और राजीव चंद्र आदि भी मौजूद रहे।