चंपावत। पुलिस ने शक्तिपुरबूंगा सीट से भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी मनमोहन सिंह से मारपीट के आरोप में चौकुनी बोरा निवासी छह युवकों पर दंगा करने और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी की दर्ज की है।
मनमोहन का आरोप है कि बीती 26 जुलाई की रात कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट कर कार से सामान छीन लिया। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। कोतवाल बीएस बिष्ट ने बताया कि 29 जुलाई को मनमोहन सिंह ने तहरीर दे बताया कि 26 जुलाई रात 10:30 बजे वह अपने घर चौकी गांव से गांव निवासी मनोज अमखोलिया से मिलने जा रहे थे। रास्ते में चौकुनी बोरा निवासी सागर महर, सुरेश बिष्ट, मोहित महर, करन बोहरा, अतुल बोहरा, तनुज सिंह ने उन्हें रोक लिया।
जबरन गाड़ी में घुसे चार लोगों ने गाड़ी के कागजात, मोबाइल, पावर बैंक आदि निकाल लिए। फिर उन्हें बाहर खींचकर मारपीट की, इसमें उनकी आंख की नीचे, गाल, दाहिने हाथ और पैर में चोट आई है। उन्होंने भागते हुए शोर मचाया। शोर सुनकर सिलिंगटाक और चौकी गांव से आए कुछ लाेगों ने उनकी जान बचाई। चुनाव में व्यस्त होने की वजह से मंगलवार शाम प्राथमिकी दे रहे हैं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच एएसआई प्रदीप जोशी को सौंपी गई है।