बनबसा (चंपावत)। ट्रक को टक्कर मारने वाले रोडवेज चालक पर पुलिस ने मुकदमा दायर कर लिया है। बृहस्पतिवार को स्टेशन से जबरन बस ले गए चालक ने एनएच किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी थी। ट्रक स्वामी की तहरीर पर कार्रवाई की गई है।
ट्रक स्वामी टनकपुर वार्ड संख्या चार निवासी वकील अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा कि रोडवेज की बस के अज्ञात चालक ने तेजी व लापरवाही से बस चलाकर सड़क किनारे खड़े उनके ट्रक (यूके03सीए 1252) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक की देखभाल को बैठे चार व्यक्ति घायल हो गए। इसके अलावा एक कार को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया है। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 427 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि मामले की जांच एसआई कैलाश चंद्र जोशी को सौंपी गई है। बता दें कि बस चलाने वाला चालक गंभीर रूप से घायल है, हल्द्वानी में उसका इलाज चल रहा है। चार अन्य घायलों को टनकपुर अस्पताल से छुट्टी दे दी है।
बस स्टेशन पर पुलिस तैनात करने की मांग
बनबसा (चंपावत)। टनकपुर रोडवेज बस अड्डे से जबरन बस ले उड़े चालक की हरकत के बाद रोडवेज प्रशासन सतर्क हो गया है। टनकपुर रोडवेज डिपो के एआरएम केएस राणा ने बस अड्डे पर सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात करने की मांग की है। साथ ही रोडवेज प्रशासन ने चौकीदार की तैनाती की बात कही है। उन्होंने बताया कि रोडवेज बस ले उड़े चालक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।