चंपावत के पुनाबे में खाई में गिरी एचडीएफसी बैंक प्रबंधक की कार।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिलामुख्यालय के एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक की कार पुनाबे के समीप 35 मीटर खाई में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंच कर उन्हें रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक संतोष कुमार पांडेय रविवार को अपनी मारुति 800 कार संख्या यूके 04 एम 0771 से नैनीताल से चंपावत की ओर आ रहे थे, कार में वह अकेले ही थे। पुनाबे के पास कीचड़ होने की वजह से कार फिसल गई और ब्रेक भी नहीं लग पाए। जिससे कार करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और झाड़ियों में अटक गई। इस बीच स्थानीय लोग देवदूत बनकर आए और उन्हें खाई से बाहर निकाला, उनके कंधे के पास चोट आई है। उन्होंने जिला अस्पताल में अपना उपचार कराया, ज्यादा चोट न आने से उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है। दुर्घटना में उनकी कार को काफी नुकसान हुआ है।