टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर भारतोली के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में इलाहाबाद बैंक के शाखा प्रबंधक, ड्राइवर सहित तीन लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को पिथौरागढ़ ले जाया गया।
मदकोट (पिथौरागढ़) जा रही आल्टो कार (यूए 03-8551) रविवार सुबह 10.30 बजे लोहाघाट से करीब 16 किलोमीटर दूर भारतोली के पास अचानक बेकाबू होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे में लखीमपुर खीरी में इलाहाबाद बैंक के मैनेजर लक्ष्मण सिंह चिल्कोटिया (54) पुत्र नाथू सिंह, उनकी पत्नी लीलावती (50) और ड्राइवर लखीमपुर खीरी निवासी ब्रह्मदेव (59) पुत्र नंद राम घायल हो गए। सभी घायलों को 108 आपात सेवा के जरिए राजकीय अस्पताल पिथौरागढ़ ले जाया गया। लक्ष्मण सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि ब्रहमदेव और लीलावती को मामूली चोटें आई हैं। वाहन दुघर्टनाग्रस्त होने का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष डीएल वर्मा, दरोगा प्रेम विश्वकर्मा, सुभाष पांडेय और आपदा प्रबंधन की टीम ने राहत कार्य शुरू कर दिया। तीनों ही घायलों को 108 आपात सेवा सेवा से पिथौरागढ़ जिला अस्पताल भेजा गया।