लोहाघाट/चंपावत। लोहाघाट-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानेश्वर के पास कार दुर्घटना में एक शिक्षक घायल हो गए। दुर्घटना में कार के परखचे उड़ गए। लोगों की मदद से शिक्षक को लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
मंगलवार को जीआईसी लोहाघाट में कार्यरत शिक्षक राजेंद्र गिरि शादी में शामिल होकर चंपावत से लोहाघाट की ओर आ रहे थे। मानेश्वर के पास उनकी कार (यूके 04 वी 5466) अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का एक पहिया दीवार से टकराकर बाहर आ गया और वाहन के दोनों सुरक्षा एयर बैग खुल गए।
व्यापारी त्रिलोक माहरा घायल शिक्षक को अपने वाहन से इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. पीएस खोलिया ने बताया कि शिक्षक के हाथ में और अन्य जगह चोट आई हैं। घायल की स्थिति खतरे से बाहर है। संवाद