टनकपुर (चंपावत)। खटीमा हाईवे पर बिचई के पास सोमवार देर रात को एक कार अनियंत्रित होकर खड़े कैंटर वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया। सभी घायल नेपाल के जिला बैतड़ी में आयोजित पूजा कार्यक्रम से वाया पिथौरागढ़ से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 10 बजे बनबसा की ओर जा रही कार (यूके 03 टीए 1608) खटीमा हाईवे पर बिचई के पास अनियंत्रित होकर खड़े कैंटर (यूके 18 सीए 5400) से टकरा गई। हादसे में कार सवार बनबसा के चंद फार्म निवासी किरन देवी (65) पत्नी स्व़. किशन सिंह, सागर सिंह (18) पुत्र भरत सिंह, नीरज सिंह (20) पुत्र जयमल, महेश सिंह (19) पुत्र उत्तम सिंह, मदन सिंह (28) पुत्र स्व़. कृष्ण सिंह और राधा देवी (23) पत्नी मदन सिंह घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने घायलों को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मदन सिंह और महेश सिंह को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस की जांच जारी थी।