चंपावत। सियाचिन से आ रहे फौज के कानवाई का एक वाहन एनएच पर सूखीढांग और सिन्याड़ी के बीच गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटनाग्रस्त प्राइवेट वाहन फौज की ड्यूटी में था। हादसे में दो फौजी घायल हो गए। बताया गया कि गाय को बचाने के प्रयास में हादसा हुआ है।
चल्थी पुलिस चौकी इंचार्ज विनोद जोशी ने बताया कि कैंटर (पीबी 11 बीवाई/0821) शनिवार शाम करीब छह बजे एनएच पर सूखीढांग-सिन्याड़ी के बीच में करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गया। मोड़ पर हुए हादसे की वजह सामने अचानक एक गाय का आना रहा, इससे संतुलन बिगड़ गया। कानवाई में 28 पंजाब रेजीमेंट चंडीगढ़ से पिथौरागढ़ जा रही थी। यह शुक्रवार को जम्मू कश्मीर से चली थी।
कानवाई में फौज के करीब 50 वाहन थे। कैंटर के खाई में गिरने से नायब सूबेदार संतोष कुमार महर और नायक सुरेश कुमार बुरी तरह जख्मी हो गए, जबकि ड्राइवर विक्रमजीत सिंह निवासी पंजाब बाल-बाल बच गए। दोनों घायलों को टनकपुर के अस्पताल के बाद बनबसा ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार को बरेली मिलिट्री अस्पताल रेफर किया गया है। कैंटर के खाई में गिरने से इसमें रखा घरेलू सामान का नुकसान हुआ है। खबर लिखे जाने तक प्रभारी विनोद जोशी के नेतृत्व में चल्थी की पुलिस टीम स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत कार्य में लगी थी। प्रभारी जोशी के अनुसार दोनों घायल फौजी हिमाचल के रहने वाले हैं।