चंपावत जिले के न्याय पंचायत बमनजौल क्षेत्र में पौधों के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं। स्र
चंपावत। न्याय पंचायत बमनजौल क्षेत्र में शिव महिमा क्लस्टर से जुड़ी समूहों की महिलाओं को फलोत्पादन से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। फलोत्पादन एवं कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित शिव महिमा क्लस्टर ने 47 महिला समूहों को 26 हजार केले और डोमस्क रोज के पौधे वितरित किए।
ग्राम पंचायत जौल के 16 स्वयं सहायता समूहों को पांच हजार स्थानीय केले के पौधे, सियाला के आठ समूहों को छह हजार डोमस्क रोज के पौधे, धूरा के 10 समूहों को जी नाइन प्रजाति के सात हजार, सिलाड़ के आठ समूहों को चार हजार और झालाकुड़ी के पांच समूहों को चार हजार केले के पौधे वितरित किए गए।
खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी ने बताया कि यह प्रयास स्थानीय किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक ठोस कदम है। फल और फूलों की व्यावसायिक खेती के माध्यम से महिला समूहों को सशक्त बनाना और स्थानीय बाजारों तक उनकी सीधी पहुंच सुनिश्चित करना इस योजना की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। कहा कि इस प्रकार की क्लस्टर आधारित खेती मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका सुधार की दिशा में प्रभावशाली भूमिका निभाएगा और चंपावत जनपद के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगा।