चंपावत। डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर चंपावत में लोक निर्माण विभाग ने मानसून से पहले सड़कों को सुरक्षित बनाने का अभियान शुरू किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर सूखीढांग से सिन्याड़ी के बीच किलोमीटर 78 पर नालियों की सफाई की जा रही है। इससे जलभराव और सड़क क्षति से बचाव होगा।
इसके अलावा टनकपुर क्षेत्र में किरोड़ा पुल से टनकपुर मार्ग और खटोली मल्ली से बैला मोटर मार्ग पर झाड़ियों का कटान हो रहा है। चल्थी से बस्तिया मार्ग पर झाड़ी कटान और नाली सफाई जारी है। गौरी किमतोली और भगीना भंडारी से तोली मोटर मार्ग पर बंद नालियां खोली जा रही हैं। अधिशासी अभियंता मोहन सिंह पलड़िया ने बताया कि जनसुविधा और सुरक्षित यातायात विभाग की प्राथमिकता है। मानसून से पहले सड़कों को व्यवस्थित किया जाएगा और यह अभियान जनपदभर में जारी रहेगा। संवाद