चंपावत। दिवाली करीब आते ही रोडवेज डिपो की सीधी बसों से यात्रियों का आने जारी है। दिल्ली, देहरादून, लखनऊ, बरेली समेत अन्य क्षेत्रों से आने वाली बसें यात्रियों से पैक होकर पहुंच रही है। टनकपुर, चंपावत स्टेशनों से बसों से चंपावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़ को जाने वाले यात्रियों को बसों में सीट नहीं मिल रही हैं। कई बार उन्हें 250 रुपये देकर टैक्सी वाहन से जाना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत टनकपुर, चंपावत से पिथौरागढ़ जाने वाले यात्रियों को हो रही है। लोहाघाट डिपो के एआरएम धीरज वर्मा ने बताया कि वर्तमान में 15 शेड्यूल बसों का संचालन किया जा रहा है। अगर यात्रियों की संख्या बढ़ती हैं तो बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
चंपावत में रिश्तेदारों से मिलकर पिथौरागढ़ वापस जा रहा था लेकिन सुबह आठ बजे से इंतजार के बाद भी बस में सीट नहीं मिली तो टैक्सी से जाना पड़ेगा। - विनीत, यात्री
टनकपुर से लोहाघाट की बस में चंपावत पहुंचा हूं। पिथौरागढ़ जाना है। सात बजे चंपावत स्टेशन में पहुंच गया था लेकिन दिवाली पर घर लौट रहे लोग बसों से ही आ रहे हैं। ऐसे में सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। - धीरज, यात्री