लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन डिवीजन कार्यालय भवन की गुणवत्ता का परीक्षण होगा। इसके लिए शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी श्याम सुंदर पांगती और ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केके पंत ने मौका मुआयना किया।
उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त हो रही बजरी का नमूना लिया। साथ ही प्लास्टर के एक हिस्से को उखाड़ा गया। सीडीओ ने बताया कि इन दोनों निर्माण सामग्री को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीसी पंत भी मौजूद थे। राजकीय महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष कमल सिंह रावत सहित कई छात्र नेताओं ने लोनिवि डिवीजन कार्यालय भवन के निर्माण में घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए प्रशासन को ज्ञापन दिया था। इस शिकायत के बाद प्रशासन ने शुक्रवार को निर्माण सामग्री के सैंपल लिए।