मंच/चंपावत। सीमांत मंच क्षेत्र में बीएसएनएल का नेटवर्क बीते छह दिनों से खराब चल रहा है। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि फाइव-जी फोन रखने वालों को तो नेटवर्क की सुविधा मिल रही है लेकिन फोर-जी फोन वाले उपभोक्ता परेशान हैं।
क्षेत्र में मौसम बिगड़ते ही नेटवर्क लड़खड़ा जाता है। लोगों का कहना है कि बीएसएनएल के नये टावरों की रेंज बहुत सीमित है, जिससे दूर-दराज के गांवों में सिग्नल नहीं पहुंच पाता। स्थानीय लोगों ने बीएसएनएल प्रशासन से जल्द नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त करने और फोर-जी उपभोक्ताओं के लिए भी सेवा बहाल करने की मांग की है।
स्थानीय निवासी जगदीश महर ने बताया कि अधिकतर लोगों के पास फाइव-जी फोन नहीं हैं। ऐसे में गरीब तबके के लोगों का डाटा रोज बर्बाद हो रहा है। दीपक महर ने बताया कि मंच क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या लंबे समय से जस की तस बनी हुई है। बीएसएनएल के जीटीओ विजय बहादुर ने बताया कि इस तकनीकी समस्या को दूर करने का काम किया जा रहा है। संवाद