लोहाघाट (चंपावत)। ग्राम पंचायत पासम के तोक सुल्ला में रोशाल-मटियानी सड़क पर बुधवार शाम 5:30 बजे खेलते समय दो बच्चे चीड़ क़े पेड़ के गिल्टे की चपेट में आ गए। नितेश चंद्र (9) पुत्र नारायण चंद्र (9) की हादसे में मौत हो गई, जबकि मनोज चंद्र पुत्र (10) पुत्र हयात चंद्र घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम, एंबुलेंस, राजस्व टीम मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक इलाज के लिए लोहाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
राजस्व उप निरीक्षक अंकिता ने बताया कि मनोज का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट में उपचार चल रहा है। प्रभारी डीएम जयवर्धन शर्मा ने घायल बच्चे के इलाज के लिए संबंधितों को निर्देशित किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेश चौहान ने बताया कि घायल का एक्सरे किया गया है। अब रेडियोलॉजिस्ट से भी सुझाव लिया गया है। प्रथम दृष्टया स्पाइनल इंजरी की संभावना है। उसे सीटी स्कैन के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि एक्सरे रिपोर्ट में घायल की पेल्विक हड्डी में कुछ समस्या दिखाई दे रही है। बच्चे को हर संभव इलाज दिया जाएगा। चिकित्सकों की टीम नजर रखे हुए है।
हादसे के बाद मृतक बच्चे के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है। निवर्तमान बीडीसी सदस्य कैलाश सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व हुई बारिश से चीड़ का पेड़ सड़क पर गिरा था। फिर पेड़ काटकर सड़क किनारे रखा गया। बच्चे सड़क के नीचे खेल रहे थे। इस दौरान पेड़ का गिल्टा उन पर आ गिरा। तहसीलदार जगदीश नेगी, पंचेश्वर कोतवाली प्रभारी हेमंत कठायत पीड़ित परिवार के घर पहुंचे हैं जहां पर शव का पंचनामा किया जा रहा है।