टनकपुर। शारदा रेंज से सटे उचौलीगोठ ग्राम पंचायत में सोलर फेंसिंग में दौड़ते करंट से भी हाथी निकलकर गांव में घुसने लगे हैं। मंगलवार देर रात तीन हाथी गांव में घुसे और सुबह 5:30 बजे तक फसलों को रौंदते रहे। ग्रामीणों के साथ शारदा रेंज के रेंजर पूरन चंद्र जोशी भी सुबह तक हाथियों को भगाने में जुटे रहे। ग्रामीणों ने वन विभाग से ठोस कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीण सुंदर महर ने बताया कि मंगलवार रात करीब 12:30 बजे एक साथ तीन हाथी गांव में घुस आए, जाग होने पर ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया। सुबह करीब 5:30 बजे बमुश्किल हाथी पंचायत घर के पास से जंगल में लौटे।
रेंजर जोशी ने बताया कि उनके सामने ही दो हाथी सोलर फेंसिंग के करंट से निकले। उन पर बिजली के करंट का भी कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की। बताया कि किशोर महर, सुनील महर, श्याम सिंह, रमेश सिंह की गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया है।