चंपावत। सीमांत ग्राम पंचायत डुंगरा लेटी में पेयजल संकट दूर करने के लिए जल संस्थान ने हैंडपंप लगाने के लिए बोरिंग की है। अब हैंडपंप लगाने के बाद ग्रामीणों को पेयजल का एक अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध होगा।
जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि बोरिंग सफल रही है और जल्द ही हैंडपंप से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। नेपाल सीमा से लगी डुंगरा लेटी ग्राम पंचायत भौगोलिक रूप से दुर्गम क्षेत्र में है। मानसून के दौरान पेयजल योजनाओं के क्षतिग्रस्त होने से गांव में जलापूर्ति प्रभावित हो जाती है।
वहीं, गर्मियों में जलस्रोत सूखने से ग्रामीणों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है। गांव के अधिकांश परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं। ऐसे में घरेलू जरूरतों के साथ पशुओं के लिए भी पर्याप्त पानी की आवश्यकता रहती है। ग्राम पंचायत में भारत-नेपाल सीमा पर काली नदी के तट पर ईगास पर्व के अवसर पर प्रसिद्ध नगरूघाट मेला भी आयोजित होता है। मेले के दौरान क्षेत्र में पेयजल की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में हैंडपंप चालू होने से ग्रामीणों को मौजूदा पेयजल योजनाओं के प्रभावित होने पर पानी का वैकल्पिक स्रोत मिल सकेगा।