पोखरी में स्वर्गीय नर सिंह मेहरा मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को दिलचस्प मुकाबला हुआ। देव स्पोर्ट्स क्लब कडवाल गांव और बोहरा इलेवन के बीच टाई के बाद नतीजा सुपर ओवर के जरिए हुआ। सुपर ओवर में कडबाल गांव की टीम ने छह गेंदों में नौ रन बनाए। जवाब में बोहरा इलेवन ने कुंदन मेहरा के सात रनों की बदौलत लक्ष्य महज चार गेंद में ही हासिल कर लिया।
इससे पूर्व देव स्पोर्ट्स क्लब कडवाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवरों में सुमित देव की 52 रनों की पारी की बदौलत 157 रन बनाए। बोहरा इलेवन भी निर्धारित ओवरों में 157 रन बना मुकाबले को टाई कर दिया। बोहरा इलेवन की ओर से कुंदन माहरा ने 57 रन की उम्दा पारी खेली। अंपायरिंग मुकेश डिक्टिया व स्वरूप माहरा ने की। आयोजन में बबलू देव, प्रकाश फर्त्याल, बची सिंह बोहरा, गणेश बोहरा, पप्पू बोहरा आदि सहयोग कर रहे हैं।
राइकोट अंतिम चार में पहुंची
जीआईसी खेल मैदान में जारी रॉयल क्लब ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतिम क्वार्टर फाइनल मैच में राइकोट स्पोर्ट्स क्लब ने कर्णकरायत इलेवन को हरा अंतिम चार में प्रवेश किया। कर्णकरायत की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 107 रनों का लक्ष्य खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राइकोट की टीम ने 13 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लिया। राइकोट के महेंद्र पांडेय ने तीन विकेट लिए। विपिन कुंवर ने 30 रन बनाने के साथ एक विकेट लिया और मैन ऑफ द मैच बने। अंपायरिंग योगेश तड़ागी व प्रशांत रावत तथा स्कोरिंग नीरज पाटनी ने की। जबकि आंखों देखा हाल गिरीश कुंवर ने सुनाया। आयोजक प्रदीप रावत, राहुल रावत और नवीन राय ने बताया कि प्रतियोगिता में 18 जनवरी को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल राइकोट कुंवर और कलीगांव तथा दूसरा सेमी फाइनल रॉयल क्लब और चांदमारी स्ट्राइकर्स के बीच होगा।