चौदहवें वित्त से वंचित करने से नाराज क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बृहस्पतिवार को विकासखंड कार्यालय में तालाबंदी की। चंपावत में ब्लाक प्रमुख पुष्पा सकारी, ज्येष्ठ उप प्रमुख बसंत तड़ागी, कनिष्ठ उप प्रमुख भगवत चौधरी के नेतृत्व में बीडीसी सदस्यों ने विरोध जताया।
कहा कि चौदहवें वित्त से धन नहीं मिलने से विकास कार्य बुरी तरह से प्रभावित होंगे। साथ ही त्रिस्तरीय पंचायती व्यवस्था की भी अवधारणा के खिलाफ है। विरोध प्रदर्शन में घनश्याम, नंदाबल्लभ कापड़ी, रेखा देवी, बची सिंह, दीपक बिष्ट, कैलाश राम, जगदीश चंद्र, भरत, गोविंद देवी, बसंती आदि शामिल थे। बाद में एडीएम जेएस राठौर के जरिए पीएम और सीएम को ज्ञापन भेजा गया।
उधर लोहाघाट तथा पाटी के ब्लाक कार्यालयों में भी बीडीसी सदस्यों ने तालाबंदी कर कामकाज ठप किया। बीडीसी सदस्यों की लोहाघाट में ज्येष्ठ उप प्रमुख हीराबल्लभ जोशी की अध्यक्षता तथा शंकर बगौली के संचालन में हुई बैठक में सरकार के इस फैसले को क्षेत्र पंचायतों की अवमानना बताया गया।
पाटी में ज्येष्ठ उप प्रमुख चतुर सिंह मेहता तथा विनोद चम्याल के संचालन में हुई बैठक में बीडीसी सदस्यों ने 15 हजार रुपये मासिक मानदेय देने, पांच लाख रुपये मासिक विकास निधि देने के साथ 14वें वित्त की धनराशि अवमुक्त करने की मांग की। साथ ही चेतावनी भी दी गई कि ग्रामीण जन प्रतिनिधि इन मसलों को लेकर जोरदार आंदोलन को कमर कसने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों में भी अपना प्रत्याशी खडा करेंगे। लोहाघाट में राजपाल सिंह, दिनेश कुमार, राजेंद्र सिंह, गंगा गिरि गोस्वामी, पुष्पा देवी, सलमान जावेद, देवेंद्र पाटनी, राजेंद्र सिंह, पुष्पा देवी, हयात सिंह, मनोज भट्ट तथा पाटी में विनोद चम्याल, नरेंद्र सिंह, तुलसी देवी जानकी देवी, सरस्वती देवी आदि ने एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा।