लोहाघाट (चंपावत)। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों की सद्बुद्धि की कामना के लिए भजन-कीर्तन का आयोजन किया। रविवार को भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर लोहाघाट में भजन-कीर्तन किया।
वक्ताओं ने कहा कि विपक्ष भाजपा की लोकप्रियता से घबरा गया है। अंकिता हत्याकांड के आरोपी जेल में हैं और अब सीएम धामी ने सीबीआई जांच की भी संस्तुति कर दी है। इसके बाद भी विपक्ष प्रदेश में गलत बयानबाजी से अराजकता का माहौल पैदा कर रहा है। इसे देखते हुए भाजपा प्रदेश भर में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों की सद्बुद्धि के लिए पूजा-पाठ और भजन कीर्तन कर रही है। वहां पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख योगेश मेहता, निर्मल माहरा, भास्कर गड़कोटी, पंकज ढेक, सूरज कुमार, शेखर जोशी, दीपक जोशी, विनोद बगौली, विजय कुमार आदि थे।
भाजपा ने विपक्ष की सद्बुद्धि के लिए हवन किया
टनकपुर (चंपावत)। भाजपा ने विपक्ष की ओर से कई तरह के आरोप लगाकर पार्टी की छवि खराब करने और अंकिता हत्याकांड मामले में जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने विपक्ष की सद्बुद्धि के लिए रविवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर के नेतृत्व में शनि देव मंदिर में हवन किया। वहां पूर्व दायित्वधारी शिवराज सिंह कठायत, रोहताश अग्रवाल, भाजपा जिला महामंत्री पूरन सिंह महरा, मंडल महामंत्री कुमुद जोशी, हरीश कॉलोनी, अनीता यादव, मंडल उपाध्यक्ष रीता कलखुड़िया, जिला मंत्री हंसा जोशी, कोमल गिरि, प्रेमवती आदि थे। संवाद