लोहाघाट विकासखंड के ग्राम पंचायत भुमलाई के गल्लागांव निवासी एक युवक की दिल्ली में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। युवक देहरादून में कोचिंग करता था और दिवाली मनाने के लिए अपने चचेरे भाई के पास दिल्ली गया था।
गल्लागांव का हरीश चंद्र राय (23) पुत्र जीवन चंद्र राय चार साल से देहरादून में कोचिंग करता था। महालक्ष्मी पूजन के लिए हरीश शहादरा (दिल्ली) में रहने वाले चचेरे भाई मुकेश राय और संजय राय के पास गया था। 8 नवंबर की सुबह हरीश बाइक से अपने दोस्त के घर जा रहा था। घर से निकलते ही बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में हरीश की मौके पर ही मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने मृतक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजनों ने दिल्ली में मुकेश, संजय और अन्य लोगों को घटना की सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के चाचा राजू राय, नवीन राय, संजय राय और अन्य रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे की मौत की खबर से मां सरिता राय, पिता जीवन राय बेसुध हैं।