चंपावत। राज्य स्थापना दिवस पर जिलाधिकारी सुरेंद्र नारायण पांडेय ने दुग्ध विभाग की बद्री गायों का दूध वितरित कर बद्री दूध विक्रय का शुभारंभ किया।
दुग्ध विकास संघ के प्रबंधक राजेश मेहता ने बताया कि बद्री दूध का विक्रय खुले बाजार में 10 नवंबर से किया जाएगा। बद्री दूध चंपावत और लोहाघाट बाजार में 40 रुपये प्रति लीटर दूध की बिक्री एटीएम के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में गठित 194 दुग्ध समितियों में वर्तमान तक 1200 बद्री गायों को चिह्नित किया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में चंपावत जिला पहला जिला है जो बद्री गायों के दूध को संकलित कर बिक्री के लिए खुले बाजार में उतार रहा है। उन्होंने बताया कि बद्री दूध में बीटाजीन, कैसीन की मात्रा लगभग 90 प्रतिशत होती है। उन्होंने बताया कि बद्री दूध डायबिटीज तथा हार्ट के मरीजों के लिए रामबाण का कार्य करता है।
जिलाधिकारी ने दुग्ध संघ प्रबंधक को बद्री दूध की पहचान एवं बिक्री का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर दुग्ध संध अध्यक्ष पार्वती देवी, एसएस बोरा, एलडी बिनवाल, कृष्णानंद जोशी के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।