विधायक कैलाश गहतोड़ी की फटकार का असर होना लगा है। शारदा स्नानघाट मेला क्षेत्र में जहां पालिका प्रशासन ने रातों-रात घाट क्षेत्र में अस्थायी शौचालयों का निर्माण करने के साथ ही सफाई एवं पेयजल व्यवस्था कर दी है, वहीं स्थानीय और एनएचपीसी प्रशासन ने भी नेपाल जाने वाले बैराज मार्ग पर कूड़ा स्थल पर बनाए वाहन पार्किंग की गंदगी दबाने को बेड मेटीरियल डालना शुरू कर दिया है।
इससे मेले में आ रहे यात्रियों के साथ ही सुबह-शाम बैराज मार्ग पर टहलने वालों को भी राहत मिलेगी।
शुक्रवार को विधायक गहतोड़ी ने शहर और शारदा स्नानघाट मेला क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तो व्यवस्थाओं में मिली खामी पर वे अफसरों पर बिफर पड़े। उन्होंने पालिका प्रशासन को स्नानघाट क्षेत्र में तत्काल सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
साथ ही स्थानीय और एनएचपीसी प्रशासन को 24 घंटे के अंदर बैराज मार्ग में कूड़ा स्थल पर बने वाहन पार्किंग स्थल पर पड़ी गंदगी हटाने की हिदायत दी। इसके बाद मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम अनिल चन्याल एवं एनएचपीसी के चीफ इंजीनियर पीके गुप्ता के निर्देश पर बैराज मार्ग के पार्किंग स्थल पर बेड मैटीरियल डालकर गंदगी दबाने का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। इधर, शहर मेला क्षेत्र के मेला अधिकारी ईओ शेखर चंद्र जोशी ने बताया कि स्नानघाट मेला क्षेत्र में पांच अस्थायी शौचालयों का निर्माण कर पानी के लिए टैंकर लगा दिया गया है। सफाई व्यवस्था के लिए भी अतिरिक्त पर्यावरण मित्रों की तैनाती की गई है।