ग्राम प्रधान संगठन बाराकोट ने पंचायती एक्ट में संशोधन कर उसे तत्काल लागू करने समेत कई अन्य मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा ब्लाक कार्यालय में तालाबंदी कर आक्रोश जताया।
ब्लाक ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष गिरीश सिंह अधिकारी के नेतृत्व में आए ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक गांवों के पंचायत में बुनियादी सुविधाएं देने, ग्राम प्रधान का 15 हजार रुपये मासिक मानदेय देने, मनरेगा में सामग्री अंश का शीघ्र भुगतान करने, राज्य वित्त की राशि में की गई 20 फीसदी कटौती को समाप्त करने, ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों के होने वाले कार्यों की जानकारी ग्राम प्रधानों को देने तथा बीडीसी में उठाई समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा बड़े विकास कार्यों को जिला योजना मे शामिल करने की मांग की। इस अवसर पर रमेश राम, हेमा देवी, दीपा, विनोद, भगवान दास जोशी, सुनील, ललित वर्मा, खीम और ममता देवी ने भी विचार व्यक्त किए।
पांच सूत्रीय मांगो को लेकर शुक्रवार को ग्राम प्रधान संगठन के जिला उपाध्यक्ष राकेश पाटनी के नेतृत्व में प्रधानों ने ब्लाक कार्यालय में तालाबंदी की गई। तालाबंदी करते हुए सरकार पर ग्राम प्रधानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। इस मौके पर गोविंद पचौली, रमेश सिंह, गिरीश चंद्र, हरीश राम, गोधन सिंह आदि मौजूद थे।