बृहस्पतिवार को 9 सभासदों के इस्तीफेे के एक दिन बाद पांच और नामित सभासदों ने पद छोड़ दिया है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी और पालिकाध्यक्ष को पत्र भेजा गया है। पत्र में चेयरमैन पर मनमानी, टेंडर प्रक्रिया चहेतों को देने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। इसी के साथ 16 सदस्यीय (9 नामित और 7 निर्वाचित) सभासदों में से अब मात्र एक सभासद कमला चौधरी ही पालिका बोर्ड में रह गई।
नामित सभासद राजेंद्र महर, विकास साह, सौरभ साह, अमीर बख्श और विजय वर्मा ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 9 सभासदों ने बृहस्पतिवार को इस्तीफा दिया था, जबकि करीब दो माह पहले एक नामित सभासद दीपक तड़ागी लारा ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया था।
अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिए गए इस्तीफों को शासन को भेज दिया गया है। आज प्राप्त इस्तीफे भी शासन भेजे जाएंगे। वहीं पालिका नियम के मुताबिक सशर्त इस्तीफे मंजूर नहीं होते हैं, बल्कि लगाए आरोपों की जांच कराई जाती है। उधर, पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने आरोपों को नकारते हुए इसे सियासी साजिश बताया है।