गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ब्लॉक शाखा की बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए। ब्लॉक अध्यक्ष भगीरथ सोराड़ी की अध्यक्षता एवं हीरा बल्लभ टकवाल के संचालन में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष हयात सिंह तड़ागी, महामंत्री बची सिंह रावत ने संगठन द्वारा पेंशनर्स के हित में किए गए कार्यों की जानकारी दी।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैंकों आदि संस्थाओं में अलग काउंटर बनाने, पेंशनर्स की समस्याओं के निराकरण के लिए राज्य तथा जिला स्तर पर सलाहकार समिति का गठन करने, पारिवारिक पेंशनर्स को चार वर्ष बाद हरियाणा की तर्ज पर भारत भ्रमण की सुविधा देने, पेंशनर्स को वृद्धावस्था पेंशन 80 वर्ष आयु के बजाय 65 वर्ष से पेंशन सुविधा देने की मांग की गई। इस अवसर पर शिक्षकों के अवशेषों का शीघ्र भुगतान करने की भी मांग की गई। बैठक में वयोवृद्ध शिक्षक राम सिंह चम्याल, रणबहादुर सिंह, केएन जोशी, टीकाराम सोराड़ी, त्रिलोचन पचौली, दयानंद जोशी, खिलानंद जोशी ने विचार रखे।