बनबसा (चंपावत)। पिछले वर्ष जुलाई माह की बाढ़ से क्षेत्र के किसानों को बहुत नुकसान हुआ था। फसल चौपट होने के अलावा घरों में बरसाती पानी घुसने से घरेलू सामान, अनाज और मवेशियों का भूसा तक नष्ट हुआ। जिससे किसान अभी तक उबर नहीं पाए हैं। सरकार किसानों को मदद नहीं दे सकी। फसल बीमा कराने वाले किसानों को बीमा राशि तक का भुगतान नहीं किया जा सका है।
किसानों का कहना है कि सर्वे के बाद भी उन्हें सरकार से कोई मुआवजा नहीं मिल पाया। पूर्णतया खेती पर निर्भर छोटे किसानों की तो कमर ही टूट गई है। किसानों का कहना है कि पिछले वर्ष केवल गढ़ीगोठ और पचपकरिया के ही कुछ किसानों को फौरी तौर पर पांच पांच हजार का चेक थमाया गया था। संवाद
इनसेट-
भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष ने सीएम को भेजा ज्ञापन
बनबसा भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष सावन चंद ने आपदा पीड़ित किसानों की मदद के लिए सीएम को ज्ञापन भेजा। उनका कहना है कि बनबसा टनकपुर के फसल बीमा कराने वाले 39 किसानों को बीमा राशि का भुगतान तक नहीं किया गया है। इस संबंध में उन्होंने विगत दिनों यहां नगर पंचायत पहुंचे मुख्यमंत्री के डे ऑफिसर को भी ज्ञापन सौंपा।
कोट-
पिछले वर्ष 39 किसानों ने खरीफ की फसल का बीमा कराया था। इस संबंध में अभी क्लेम नहीं मिल पाया है। क्लेम मिलते ही किसानों के खातों में स्वतः ही पैसा भेज दिया जाएगा। - डी कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी, चंपावत