भारत से दैनिक उपयोग का सामान नेपाल लाने पर नेपाल प्रशासन ने रोक लगा दी है। इससे नेपाली नागरिकों के साथ साथ भारतीय व्यापारियों में वहां के स्थानीय प्रशासन के प्रति नाराजगी है। नेपाल प्रशासन की इस सख्ती से दोनों देशों के मैत्री और व्यापारिक संबंध प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। भारतीय व्यापारियों ने नेपाल के गड्डा चौकी स्थित छोटी भंसार (कस्टम) को दोबारा खोलने की मांग की है।
भारतीय व्यापारियों ने भारत स्थित नेपाली दूतावास और नेपाल में भारतीय दूतावास से समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारतीय सामान को नेपाल ले जाने पर रोक लगाने वाले नेपाली अधिकारी अपने लिए तो बनबसा से सामान खरीदकर ले जा रहे हैं जबकि आम नागरिक पर रोेक लगा रखी है।
इस रोक के बाबत नेपाल के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बनबसा से लगी भारत नेपाल सीमा संवेदनशील है। इसलिए यहां सख्त चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। जब उनसे पूछा गया कि रोक क्यों लगाई गई है तो वह मौन साध गए।
डेढ़ माह से बनबसा से दैनिक उपयोग का सामान ले जाने वाले निर्धन और जरूरतमंद नेपाली नागरिकों को नेपाल प्रशासन परेशान कर रहा है। उन्हें एक-दो किलो चीनी और सब्जियां तक नहीं ले जाने दी जा रही हैं, जबकि अन्य सीमाओं पर किसी तरह की रोक नहीं है।
- भरत भंडारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष, बनबसा
गड्डा चौकी स्थित छोटी भंसार खोलने की मांग के साथ अपने प्रयोग के लिए बनबसा से लाए जा रहे सामान पर रोक हटाने की मांग की जा रही है। इसके लिए नेपाल के गृह और वाणिज्य मंत्री से गुहार लगाई है।
-कृष्ण प्रसाद पाठक, भारत नेपाल मैत्री संघ अध्यक्ष नेपाल।
बनबसा से अपने घर के लिए सामान ले जाने वाले नेपाली नागरिकों को नेपाल प्रशासन की रोक से दोनों देशों की मैत्री और व्यापारिक संबंध प्रभावित हो रहे हैं। नेपाल की छोटी कस्टम को पूर्व की भांति खोला जाना चाहिए जिससे नेपाल प्रशासन को राजस्व का लाभ होगा ही।
- भरत भंडारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष बनबसा।