जिला मुख्यालय में कुमाऊं मंडल विकास निगम की रसोई गैस की इंडेन एजेंसी में गैस सिलेंडरों का बैकलॉग बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को हल्दूचौड़ प्लांट से गैस सिलेंडरों से भरा एक ही वाहन पहुंचने के कारण कई उपभोक्ताओं को मायूसी ही हाथ लगी।
गैस एजेंसी के प्रबंधक प्रदीप कार्की के अनुसार मुख्यालय की एजेंसी में रसोई गैस सिलेंडरों का बैकलॉग 1200 सिलेंडरों से पार पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को आए वाहन में 25 व्यावसायिक सिलेंडरों के साथ ही 180 रसोई गैस सिलेंडर पहुंचे। इनमें से 70 सिलेंडरों का वितरण छतार वार्ड में होम डिलीवरी के रूप में किया गया। बता दें कि मैदानी क्षेत्र के विभिन्न जिलों में बाढ़ के हालात और हल्दूचौड़ बाटलिंग प्लांट से आपूर्ति कम होने के कारण रसोई गैस का संकट बना हुआ है।