टनकपुर (चंपावत)। डिग्री कॉलेज के छात्र नेताओं की नशामुक्त शहर बनाने की पहल के तहत मंगलवार को शहर में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली और गोष्ठी आयोजित कर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन भेज संबंधित कानूनों का सख्ती से पालन करवाने की मांग की है।
छात्र संघ अध्यक्ष दीपक पचौली, सचिव राहुल कुमार, उपाध्यक्ष नदीम खान, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अमित आर्या, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष चर्चित शर्मा, सूरज प्रसाद, दीपक प्रसाद, विकास धामी, अक्षय कुमार, सूरज कुमार, रोहित जोशी, अमन सिंह के नेतृत्व में दयानंद इंटर कॉलेज, विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, माध्यमिक विद्यालय आमबाग के छात्र-छात्राओं ने शहर में रैली निकाल कर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रैली के बाद कॉलेज में हुई गोष्ठी में मुख्य वक्ता नशामुक्त संसार के संयोजक सामश्रवा आर्य ने नशे के दुष्परिणामों से सचेत करते हुए कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से मानसिक, शारीरिक, सामाजिक पतन हो रहा है। समय रहते नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता नहीं आई तो इसके गंभीर दुष्परिणाम सामने आएंगे।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से समाज में नशे के लती हर व्यक्ति को नशामुक्त बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। इससे पूर्व छात्र-छात्राओं ने एसडीएम अनिल चन्याल के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेज शराब के ठेकों को निरस्त कर शहर समेत पूरे जिले को नशामुक्त बनाने में सहयोग का आग्रह किया है।