कराटे प्रतियोगिता के विजेता शुरू
- फोटो : अमर उजाला
लोहाघाट (चंपावत)। उत्तराखंड कराटे डू फेडरेशन की ओर आयोजित राज्य स्तरीय प्रथम उत्तराखंड कराटे कप प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। खिलाड़ियों के लोहाघाट पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। युवा भवन में कराटे संरक्षक लक्ष्मण सिंह बिष्ट की अध्यक्षता और कराटे कोच दीपक अधिकारी के संचालन में हुए कार्यक्रम में यूकेएफ के महासचिव संजीव कुमार जांगड़ा ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
खटीमा में हुई प्रतियोगिता में काता और कुमिते में मल्लिकार्जुन स्कूल की ज्योति बिष्ट ने स्वर्ण पदक, होली विजडम की रश्मि मुरारी ने कुमिते में स्वर्ण, काता में कांस्य, वत्सला जोशी ने काता, कुमिते में स्वर्ण, ओपीएस के मोहित बिष्ट ने काता, कुमिते में स्वर्ण, केंद्रीय विद्यालय के अंकित पांडेय ने काता, कुमिते में स्वर्ण, मल्लिकार्जुन के यशराज करायत ने काता में स्वर्ण, कुमिते में रजत, तेजस गड़कोटी ने कुमिते में स्वर्ण, अल्पाइन स्कूल के हिमांशु जोशी, मयंक दुग्ताल, होली विजडम के राज सूर्या ने कुमिते में कांस्य, सीनियर वर्ग में धीरज सिंह, अरुण और योगेश ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
जागड़ा ने कहा कि कराटे खेल को ओलंपिक खेलों में शामिल करने से इसमें खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने की काफी संभावनाएं हैं। खिलाड़ियों की इस सफलता पर टनकपुर के कराटे कोच सुंदर सिंह, जिला क्रीड़ाधिकारी राजेंद्र सिंह धामी, अंतरराष्ट्रीय रेफरी दीपक पांडेय, विजय माहरा, रमेश मुरारी, हर्ष कार्की ने बधाई दी है।