एसएसबी की डीजी ने किया लोकार्पण
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की महानिदेशक (डीजी) अर्चना रामासुंदरम ने कहा कि नेपाल से लगी भारतीय सीमा पूरी तरह सुरक्षित है। सीमा पर बनी तमाम बॉर्डर आउटपोस्ट (बीओपी) में संचार सेवा सुधारने के साथ अन्य आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा। उन्हें आधुनिक हथियार दिए जाएंगे। डीजी ने पत्रकारों से कहा कि टनकपुर-जौलजीबी रोड बनने के बाद से चंपावत जिले की सभी बीओपी रोड से जुड़ जाएंगी। फिलहाल नई बटालियन खोलने का कोई प्रस्ताव नहीं है।
इससे पूर्व शुक्रवार को डीजी ने यहां क्वार्टर गार्ड भवन का उद्घाटन किया। पंडित विपिन मिश्रा ने पूजा-अर्चना की। 1.6 करोड़ रुपये लागत का यह भवन करीब एक साल में बनकर तैयार हुआ। पांचवीं वाहिनी के कमांडेंट रंजीत सिंह, उप कमांडेंट राजीव भट्ट, एरिया ऑर्गनाइजर जगदीश कपकोटी, कार्यदायी संस्था केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता देवेंद्र प्रकाश, सहायक अभियंता संजय गुप्ता आदि थे।
महानिदेशक ने सम्मेलन कर कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। रामासुंदरम ने कहा कि सभी कर्मी और उनके परिवार के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा दी जाएगी। इसके लिए वाहिनी से प्रस्ताव भेजने को कहा गया। बाद में एसएसबी महानिदेशक ने एसएसबी महिलाओं के संगठन संदीक्षा द्वारा की गई गतिविधियों को देखा। बनियान, मोजे सहित हस्तशिल्प उत्पादों की सराहना की। बनाए पकवानों को भी प्रदर्शित किया गया। संदीक्षा की अध्यक्षा मोनिका यादव ने संगठन के कामकाज की जानकारी दी।