व्यवस्था तोड़ शारदा स्नानघाट गेट पर सवारी भरने को खड़ी की गई टैक्सी मैक्स।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णागिरि मेले की यातायात व्यवस्था बेलगाम होने से यात्रियों को परेशानी के साथ ही हादसे का भी खतरा बना हुआ है। सवारी बैठाने और उतारने की जगह निर्धारित होने के बाद भी टैक्सी वाहन चालक अपनी मर्जी से यहां-वहां सवारी उतार और बैठा रहे हैं। पुलिस के डंडे का भी इन चालकों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। वहीं परिवहन विभाग के लोकसभा चुनाव की तैयारी में व्यस्त होने से पूर्णागिरि मार्ग पर यातायात नियमों को ताख पर रख तेज रफ्तार दौड़ते वाहन हादसे की वजह बन सकते हैं।
होली के बाद शुरू हुए उत्तर भारत के पूर्णागिरि मेले की अन्य व्यवस्थाओं के साथ ही यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने फैसले लिए हैं। तय हुआ है कि पूर्णागिरि मार्ग पर चलने वाले टैक्सी वाहन शहर मेला क्षेत्र यानी पुरानी पानी की टंकी के पास बनाए गए स्टैंड से ही संचालित होंगे।
टैक्सी वाहनों का आवागमन स्टेट बैंक तिराहा-जगन्नाथ चौराहा होते हुए कोतवाली मार्ग से संचालित होंगे। बस और रेलवे स्टेशन मार्ग पर टैक्सी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है लेकिन टैक्सी चालक प्रशासन के नियम का पालन न करते हुए शहर के आंतरिक मार्गों पर बिना रोक टोक वाहन दौड़ाकर व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं।
शुक्रवार को पुलिस ने ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों के चालान किए और एक वाहन को सीज किया है। इसके बाद भी चालकों में पुलिस का भय नजर नहीं आ रहा है।
बगैर डीएल गाड़ी दौड़ा रहे हैं कई चालक
पूर्णागिरि मार्ग पर संचालित कई टैक्सी वाहनों को ऐसे चालक दौड़ा रहे हैं जिनके पास डीएल (ड्राइविंग लाइसेंस) ही नहीं है। ऐसे नौसिखिया चालक कभी भी सड़क हादसे को अंजाम दे सकते हैं।
व्यवस्था बिगाड़ते चालकों पर होगी कार्रवाई
कोतवाल चंद्रमोहन सिंह का कहना हैै कि मेला अवधि के लिए शहर में यातायात व्यवस्था का रूट तय है लेकिन यदि कोई चालक इस व्यवस्था का उल्लंघन करता मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई चालक बगैर लाइसेंस गाड़ी चला रहा है तो ऐसे चालकों की धर-पकड़ को चेकिंग अभियान शुरू किया जाएगा।