श्रीरीठा साहिब में बहुउद्देशीय सुविधा शिविर लगा। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सिंचाई आदि सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई। आपदा से हुए नुकसान की भरपाई करने की भी जोरशोर से लोगों ने मांग उठाई। विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने भिंगराड़ा कन्या जूनियर हाईस्कूल में इस माह के अंत तक शिक्षिका तैनात करने के निर्देश दिए। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी ने भी लधिया घाटी क्षेत्र में गर्मी के मौसम में होने वाले महामारी के मद्देनजर चिकित्सा शिविर लगाने की हिदायत दी। मुख्य विकास अधिकारी श्याम सुंदर पांगती की देखरेख में संचालित शिविर में कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान हुआ।
शिविर में बाल विकास, कृषि, स्वजल, ग्राम्य विकास विभाग, राजस्व विभाग, समाज कल्याण, उद्यान, उरेडा, जल संस्थान समेत डेढ़ दर्जन विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए थे। जिला पंचायत सदस्य भोला बोहरा के संचालन में मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, सीईओ आरसी आर्या, डीडीओ विवेक उपाध्याय, एसडीएम निर्मला बिष्ट, तहसीलदार बीएस माहरा, सीवीओ पीएस भंडारी, डीपीओ शैली प्रजापति, बीडीओ सीएस मेवाड़ी ने समस्याएं सुनीं। लधिया घाटी क्षेत्र के करीब 1500 लोगों ने शिविर की सुविधा का लाभ उठाया।