पूर्णागिरि (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में दिन और रात मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के उमड़ने से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। 24 घंटे में मां के दरबार में करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाए।
बुधवार को भी मेला स्पेशल ट्रेन, पैसेंजर, डेमो और एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ ही वाहनों से श्रद्धालुओं के जत्थे मां के जयकारों के साथ पड़ाव क्षेत्र में पहुंचे। इससे पड़ाव क्षेत्रों में गहमा गहमी रही। ठूलीगाड़ में लगे भंडारों में प्रसाद के लिए लाइन लगती रही। भैरव मंदिर से आगे पैदल मार्ग पर सुबह और शाम को अधिक संख्या में श्रद्धालु आगे बढ़ते रहे। इससे सुबह और शाम के समय मां के दर्शन के लिए लंबी लाइन लग रही है। मेला मजिस्ट्रेट डाॅ. ललित मोहन तिवारी ने ठूलीगाड़ से लेकर काली मंदिर तक के स्वास्थ्य कैंप और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कैंपों में व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। साथ ही पेयजल, सफाई आदि भी दुरुस्त मिली। बताया कि पूर्णागिरि मार्ग पर श्रद्धालुओं के दिन रात आगे बढ़ने पर हाथी के विचरण पर पैनी निगाह रखने के निर्देश संबंधित वन रेंज के अधिकारियों को दिए गए हैं। संवाद